अमरनाथ यात्रा के चलते सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) की सिफारिश पर जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के एक किमी दायरे में धारा 144 लगा दी है। इसी तरह रामबन में भी पटाखों व ड्रोन के व्यावसायिक प्रयोग पर रोक लगा दी गई है। इसके तहत प्रतिबंधित क्षेत्र में रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक लोगों के आवागमन की मनाही रहेगी। यह पाबंदियां दो माह तक जारी रहेंगी।
श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 30 जून की सुबह तड़के उधमपुर पहुंचेगा। टिकरी में उधमपुर की सीमा में प्रवेश करते ही काली माता मंदिर परिसर में जिला प्रशासन व शहरवासी अमरनाथ यात्रियों का हार पहना कर स्वागत करेंगे। उनको जलपान भी करवाया जाएगा और फिर जत्था आगे की तरफ निकल जाएगा। जिला प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
वीरवार शाम तक सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। करीब दो महीने से जिला प्रशासन अमरनाथ यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ की 137 बटालियन काे तैनात किया गया है, जोकि कमांडो, डॉग स्कवायड और ड्रोन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को संभाल चुके हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का काम यातायात पुलिस व जम्मू-कश्मीर पुलिस को दिया गया है।
अमरनाथ यात्रा को लेकर जिला उधमपुर के टिकरी से चिनैनी नाशरी तक 22 से अधिक लंगरों की व्यवस्था रहेगी। इनमें अमरनाथ यात्रियों को 24 घंटे खाने की सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन ने 22 लंगर कमेटियों को लगाने की अनुमति प्रदान कर दी है और अगले कुछ दिनों में चार और लंगर कमेटियों को अनुमति दी जाएगी।
राजमार्ग पर हर दो से तीन किलेामीटर के बाद एक लंगर लगा होगा, जहां अमरनाथ यात्री प्रसाद गहण कर सकेंगे। 26 लॉजमेंट सेंटर में 3000 अमरनाथ यात्रियों के ठहरने की होगी व्यवस्था: जिला उधमपुर में राजमार्ग बंद होने या फिर अन्य आपात स्थिति के दौरान जत्था रोके जाने पर 3000 अमरनाथ यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
इसके लिए 26 लॉजमेंट सेंटर तैयार किए गए हैं। यह लॉजमेंट सेंटर शहर के अंदर व राजमार्ग के किनारे पर मौजूद सरकारी इमारतों व निजी कॉलेजों की इमारतों में बनाए गए हैं। कुछ लॉजमेंट मैरिज हाल के अंदर बनाए गए हैं। इनमें अमरनाथ यात्रियों को बेड की सुविधा मिलेगी।
अमरनाथ यात्रियों को मिलेगी 293 शौचालय की सुविधा: जिले में टिकरी से चिनैनी नाशरी तक 51 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों के लिए 293 अस्थायी व स्थायी शौचालय की सुविधा रखी गई है।
श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को जिला प्रशासन ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ज्यादातर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे का भव्य स्वागत टिकरी में काली माता मंदिर परिसर में किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों को हर तरह की सुविधा मिलेगी। -जोगिंद्र सिंह जसरोटिया, एडीसी उधमपुर।