अमरनाथ यात्रा के दौरान पंजतरिणी बेस कैंप से आगे बढ़ते भक्त
- फोटो : PTI
खराब मौसम के बावजूद रविवार को पवित्र गुफा में 20806 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। साथ ही दर्शनार्थियों का आंकड़ा 2.29 लाख पार कर गया है। बारिश के बाद भी बालटाल और अमरनाथ दोनों ट्रैक से यात्रा रुक-रुककर जारी रही। उधर, रविवार को मौसम बदलने की वजह से जम्मू और कश्मीर दोनों संभाग में झमाझम बारिश हुई।
रविवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा के बीच 241 वाहनों में 6684 श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। इनमें पहलगाम रूट के लिए 132 वाहनों में 3686 और 109 वाहनों में बालटाल के लिए 2988 श्रद्धालु भोले के जयघोष लगाते हुए रवाना हुए।
अब तक भगवती नगर आधार शिविर से 86865 यात्री पहलगाम और बालटाल रूट के लिए भेजे गए हैं। रविवार रात तक दर्शन करने वाले 20806 यात्रियों में 15275 पुरुष, 4855 महिलाएं, 447 बच्चे, 219 साधु, 05 साध्वी और पांच मंगलामुखी रहे।
दोमेल से पवित्र गुफा के लिए 6195 और पंजतरणी से 11500 यात्री पवित्र गुफा के लिए भेजे गए। हेलिकॉप्टर से 188 यात्री दर्शन के लिए पहुंचे। शनिवार रात से ही लगातार बारिश जारी है। पहलगाम में सबसे अधिक 34.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश की वजह बालटाल से किसी भी यात्री और पौनी वाले को नहीं छोड़ा गया। बारिश के बीच पवित्र गुफा में सुबह और शाम दोनों समय की आरती सुचारू है। अब तक अमरनाथ यात्रियों का पवित्र गुफा में दर्शन करने का आंकड़ा 2.08 लाख पार कर चुका है। मौसम विभाग ने 17 से 22 जुलाई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
कहां कितनी बारिश (मिमी में)
पहलगाम 34.9
भद्रवाह 19.8
जम्मू 14.0
कटड़ा 12.8
बटोत 6.6
बनिहाल 6.0
कोकरनाग 6.0
काजीगुंड 1.6
गुलमर्ग 0.8