पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा में सोमवार को बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या का आंकड़ा तीन लाख के पार हो गया। वहीं, अमरनाथ यात्रा से लौटे शिव भक्तों के अनुसार यात्रा शुरू होने के 26 दिनों में ही इस बार हिम शिवलिंग का आकार अंतर्ध्यान हो चुका है।
सोमवार को 4746 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में माथा टेका। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या का आंकड़ा 3,00,321 पर पहुंच गया। दर्शन कर लौटे यात्रियों की माने तो बाबा भोलेनाथ का आकार अंतर्ध्यान हो चुका है और माता पार्वती का आकार अभी बना हुआ है।
दर्शन कर लौटे छत्तीसगढ़ निवासी एवं कोल इंडिया के कर्मचारी सुरेंद्र छाबड़ा का कहना हैं कि उन्होंने 24 जुलाई को बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के दर्शन किए। वहां पर बाबा भोलेनाथ का पवित्र हिमलिंग का आकार लगभग अंतर्ध्यान हो चुका था।
वहीं बनारस निवासी अभिषेक तिवारी का कहना हैं कि 25 जुलाई को उन्होंने श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए, शिवलिंग के मनोरम दर्शन से वंचित रहे।
बनारस के ही रविकांत चौबे और रोहित चौबे का भी कहना हैं कि पूरी यात्रा में उन्होंने इस बार गर्म कपड़े तक नहीं पहने। पवित्र गुफा तक गर्मी का एहसास रहा।
शायद इस वजह से दस बार बाबा बर्फानी का आकार अंतर्ध्यान हो गया है। बहरहाल इसके बावजूद शिव भक्तों का यात्रा को लेकर उत्साह देखते ही बनता है।