श्री अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर दोमेल में पुलिस द्वारा तीन लंगर कमेटियों चंडीगढ़ के शिव पार्वती सेवादल, मौड़ मंडी (पंजाब) के श्री शिव शंभू सेवा मंडल और श्री अमरनाथ यात्रा सेवा समिति सिरसा के सेवादारों के टेंट गिरा दिए।
पुलिस ने इन टैंटों को अवैध निर्माण करार देते हुए यह कार्रवाई की। पुलिस की तोड़फोड़ के खिलाफ शुक्रवार को लंगर कमेटियों ने दोमेल और बालटाल के बीच सेबलो के अधीन चल रहे 34 लंगरों को बंद कर दिया।
पदाधिकारी व सेवादारों ने उपवास रखते हुए अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की। लंगर कमेटियों ने आरोप लगाया कि बिना कोई नोटिस दिए तीन लंगरों को पुलिस ने निशाना बनाया।
सेवादारों की शिकायत थी कि पुलिस ने उन्हें टेंट से सामान निकालने तक का मौका नहीं दिया। शनिवार को बोर्ड अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लंगर शुरू किए जाने पर फैसला लिया जाएगा।
लंगर बंद होने से अमरनाथ श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सेबलो के महासचिव राजन गुप्ता के अनुसार इस घटना के विरोध में दोमेल में सेबलो की बैठक में लंगर बंद करने का फैसला किया गया। गुप्ता ने कहा कि अगर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो सभी लंगर बंद कर दिए जाएंगे।
चडीगढ़ में शिव पार्वती सेवादल के प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के बाद श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन की बालटाल में मीटिंग हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि जब तक उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक सभी 121 जगह कोई लंगर नहीं लगाया जाएगा।