जम्मू। अमरनाथ यात्रा के दौरान देशभर से आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रशासन प्रयासरत है। इसी कड़ी में ऑटो चालकों की मनमानी को रोकने के लिए प्रति किलोमीटर के हिसाब से ऑटो किराया निर्धारित किया गया है। अधिकतम साढ़े सात किलोमीटर के सफर के लिए 141 रुपये किया तय किया है। वहीं, न्यूनतम 1.1 किलोमीटर के लिए 39 रुपये मान्य होंगे। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान खासतौर पर ऑटो चालकों द्वारा अधिक किराया वसूलने की शिकायतें रहती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आटो का किराया निर्धारित किया है। इसके लिए विशेषतौर पर आधार शिविर भगवती नगर के आसपास के 11 रूटों को चिह्नित किया गया है। इसमें रेलवे स्टेशन और जनरल बस स्टैंड भी शामिल होंगे।
यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू को यात्रियों के लिए लगभग तैयार कर लिया गया है। यहां से 29 जून को पहला जत्था रवाना किया जाएगा, जो अगले दिन आधिकारिक तौर पर पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पहले जत्थे के साथ बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए रवाना होगा। इस बार यात्रियों की सुरक्षा पर खास ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
प्रशासन के शेड्यूल के मुताबिक निर्धारित किराया
स्थान दूरी (किमी) किराया (रुपये)
- एशिया होटल से यात्री निवास भगवती नगर, कनाल रोड के जरिए 4 73
- एशिया होटल से यात्री निवास भगवती नगर, नए पुल के जरिये 3.5 73
- जनरल बस स्टैंड से वेद मंदिर अंबफला तक 3.1 73
- जनरल बस स्टैंड से यात्री निवास भगवती नगर के लिए 3.2 73
- जनरल बस स्टैंड से रणवीरेश्वर मंदिर 1.1 39
- जनरल बस स्टैंड से पुरानी मंडी हनुमान मंदिर 2.4 56
- आईएसबीटी से यात्री निवास भगवती नगर वेयर हाउस के जरिये 7.5 141
- आईएसबीटी से यात्री निवास भगवती नगर साइंस कालेज के जरिये 6.5 124
- रेलवे स्टेशन से यात्री निवास भगवती नगर ज्यूल साइंस कालेज के जरिये 6.5 124
- रेलवे स्टेशन से रघुनाथ मंदिर 4.5 90
- रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड 4.2 90