दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर जम्मू से बिहार राज्य की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ आरंभ हो गई है। इन दिनों खासकर जम्मू से बिहार की ओर जाने वाली कई ट्रेनों में वेटिंग एवं कुछ ट्रेनों में नो रूम की स्थिति शुरू हो गई है।
इसके चलते जम्मू से चलने वाली अन्य कई ट्रेनों में वेटिंग के कारण यात्रियों को आरक्षण के बगैर ही अपनी यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे दिक्कतें हो रही हैं। खासकर दीपावली त्योहार के चलते घर की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।
विभिन्न रू टों पर चलने वाली ट्रेनों में भी दीपावली की छुट्टियों पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ शुरू हो गई है, जबकि कटड़ा माता वैष्णो देवी की ओर जाने वाली डीएमयू ट्रेन खचाखच रोजाना जम्मू रेलवे स्टेशन से आ-जा रही है। जनरल टिकट काउंटर पर भी यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है।
जम्मू से अन्य प्रांतों में पूजा होलीडे पर जाने वाले लोगों की संख्या इन दिनों बढ़ रही है। जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ होने के कारण प्लेटफार्म पर अपनी ट्रेन का इंतजार करने वाले लोगों को भारी समस्या हो रही है। खासकर घंटों पहले रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन के बाहर समय बिताना पड़ रहा है।
जम्मू से नो रूम और वेटिंग वाली ट्रेनें
जम्मू से गुवाहाटी जाने वाली लोहित एक्सप्रेस (साप्ताहिक) में 22 अक्तूबर को स्लीपर कोच में 300 वेटिंग हैं। यह ट्रेन गोरखपुर, जलपाईगुड़ी, बरौनी, कटिहार और किशनगंज आदि स्टेशनों से होकर गुवाहाटी जाती है, जबकि 24 अक्तूबर को अमरनाथ एक्सप्रेस में 498 वेटिंग के बाद नो रूम की स्थिति है।
इसमें सेकेंड एसी में 33 और थर्ड एसी में 80 वेटिंग हैं। जम्मू से हावड़ा जाने वाली हिमगिरि एक्सप्रेस में रविवार को नो रूम की स्थिति रही, जबकि यह ट्रेन 17 नवंबर तक फुल है। स्लीपर कोच में 23 अक्तूबर को 270 वेटिंग, 26 अक्तूबर को 164 वेटिंग तथा अन्य श्रेणियों में वेटिंग की स्थिति रही।
वहीं, 21 अक्तूबर को जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में 451 वेटिंग के बाद इसमें नो रूम की स्थिति है। सेकेंड एसी 27 वेटिंग और थर्ड एसी 117 वेटिंग है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 19 अक्तूबर को जहां 81 वेटिंग रही, जबकि 25 से 28 अक्तूबर तक 150 से ढाई सौ वेटिंग, सेकेंड एसी में 35 से साठ वेटिंग एवं थर्ड एसी में साठ से 90 तक वेटिंग है।
जम्मू से सियालदह आज से बहाल
जम्मू तवी से सियालदह कोलकाता तक पंजाब, यूपी और बिहार राज्यों को कवर करती हुई सियालदह ट्रेन उन्नीस अक्तूबर तक रद्द रही।
बीस अक्तूबर को अपने निर्धारित समय पर जम्मू से चलेगी, लेकिन इसमें जाने वाले यात्रियों के लिए जगह न मिलने के कारण दिक्कतें होंगी, क्योंकि इसमें 269 वेटिंग है। सेकेंड एसी में 25 तथा थर्ड एसी में 58 वेटिंग है।