एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद
- फोटो : फाइल फोटो
17 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए जम्मू कश्मीर में भी तैयारी को पूरा कर लिया गया है। लगभग सभी पार्टियों के विधायक व सांसद श्रीनगर पहुंच चुके हैं। कुछ एक विधायक सोमवार सुबह श्रीनगर पहुंच जाएंगे। विधानसभा श्रीनगर के सेंट्रल हाल सुबह दस से सायं पांच बजे तक मतदान होना है।
विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव विभाग भी तैयारियों को अंतिम रूप दे चुका है। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा का कहना है कि पार्टी के विधायक श्रीनगर पहुंच चुके हैं। इसके लिए पार्टी की तरफ से व्हिप भी जारी किया गया था। वहीं कांग्रेस, पीडीपी व नेकां के लगभग सभी विधायक भी श्रीनगर पहुंच गए है। कुछ एक विधायक जो किसी कारण वश श्रीनगर नहीं पहुंच पाएं वह सोमवार सुबह पहुंच जाएंगे।
रियासत में भाजपा और पीडीपी का वोट एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को मिलना तय है। प्रत्येक सांसद के वोट की वैल्यू 708 है और विधायक के वोट की वैल्यू 72 है। भाजपा के तीन लोकसभा और एक राज्यसभा का सांसद राज्य से है। इसके अलावा 25 अपने विधायकों समेत दो पीपुल्स कांफ्रेंस व एक निर्दलीय विधायक बाकिर रिजवी का समर्थन भी भाजपा को है। कुल मिलाकर भाजपा के वोट की वैल्यू राज्य में 4848 रहेगी।