जम्मू-कश्मीर में रजिस्ट्री का कार्य राजस्व विभाग को सौंपने के खिलाफ वकीलों की हड़ताल नौ दिन से चल रही है। सोमवार को भी वकीलों ने कामकाज ठप रखा। कई ऐसे मामले हैं, जिनकी तारीखें थीं, लेकिन वकील अदालतों में पहुंच नहीं रहे।
क्लाइंट को भी पता नहीं चल पा रहा कि उनको केस की अगली तारीख क्या मिली है। दूसरी तरफ वकील मंगलवार को हड़ताल को लेकर नई रणनीति तय करेंगे।
एक महिला ने बताया कि उसके पति के साथ केस चल रहा है। छह नवंबर को कोर्ट में सुनवाई थी, लेकिन वकील ने बताया कि कामकाज ठप है। उन्हें यही पता नहीं चल पा रहा कि अब मामले में अगली तारीख कब है।
उधर, वकीलों की बुधवार को चीफ जस्टिस के साथ मुलाकात होने की संभावना है। हालांकि बार एसोसिएशन का कहना है कि वह अपने फैसले पर कायम हैं। जब तक अदालतों के पास दोबारा रजिस्ट्री की सुविधा नहीं आती। तब तक हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं।
उल्लेखनीय है कि वकीलों की हड़ताल से सभी अदालतों में काम ठप है। जम्मू के अलावा अब अन्य जिलों की अदालतों में भी काम ठप है।