केके हक्कू स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर चल रही पांचवीं सब जूनियर नेशनल हाकी चैंपियनशिप (पुरुष) में वीरवार को असम, भोपाल, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में असम ने दादर नगर हवेली को 4-2 से शिकस्त दी।
विजेता टीम की ओर से दिव्य ज्योति विश्वास, नजर उल इसलाम, अर्जुन भगत और मुनीष साहनी ने शानदार गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दादर नगर हवेली की ओर से संजय चतुर्वेदी और बलजीत सिंह को ही सफलता मिली, लेकिन अन्य कोई भी खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाया। दूसरे मुकाबले में भोपाल ने मुंबई को 7-3 से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।
विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वियों पर दबाव बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली। टीम की ओर से फैजान, अदनान, वसीम और इमाद ने गोल ठोके। मुंबई की ओर से अजीत यादव, अमीन रोगे और जय परमार को सफलता मिली। इसी तरह उत्तराखंड ने केरल को एकतरफा मुकाबले में 9-0 से पछाड़कर अगले दौर में जगह बनाई। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर जोरदार हमले जारी रखे।
एक के बाद एक गोलों से केरल को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। सुमित कुमार ने शानदार पांच गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बोबी दामी ने तीन और प्रदीप ने शानदार मूव बनाते हुए बाल को एक बार गोल पोस्ट में डाला। अंतिम मुकाबले में मध्य प्रदेश ने राजस्थान को 6-2 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से रबी रोशन, जोगेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, अमित कटारिया, मलकीत सिंह, मो. यासीन ने गोल ठोके।