मौसम में सुधार के साथ शनिवार को श्री अमरनाथ यात्रा के दोनों आधार शिविर बालटाल और पहलगाम से यात्रा शुरू हो गई। सुहावने मौसम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य रहा। यात्रा के दसवें दिन कुल 15,735 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। इस तरह अब तक 1,47,441 श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। उधर, यात्रा के दौरान एक अन्य श्रद्धालु की मौत हो गई।
इस तरह यात्रा में अब तक मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सात पहुंच गई। बंगाल के दुर्गा जौरपोरा निवासी 63 वर्षीय एस कांत मंडल की पवित्र गुफा श्राइन में हार्ट अटैक से मौत हुई। उन्हें तत्काल मेडिकल कैंप ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यात्रा संबंधित एक अधिकारी ने बताया कि मौसम में सुधार को देखते हुए शनिवार को यात्रा फिर से बहाल करने का फैसला लिया गया।
नुनवान और बालटाल आधार शिविरों से यात्रा को सुबह 4:30 से 5 बजे के बीच आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई थी। शनिवार को बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए आधार शिविरों से करीब 19,725 भक्त रवाना हुए। इसमें से 15,735 ने बाबा बर्फानी के साक्षात दर्शन किए। पहलगाम के नुनवन आधार शिविर से पैदल यात्रा करने वाले कुल 10,557 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए, जिनमें 9,050 पुरुष, 1,424 महिलाएं और 83 साधु थे।
जबकि चॉपर सुविधा से कुल 237 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर बढे़। बालटाल आधार शिविर से पवित्र गुफा की ओर पैदल यात्रा पर जाने वालों की संख्या 7,862 थी जिनमें 6,313 पुरुष, 1,483 महिलाएं, 51 बच्चे और 15 साधु थे जबकि 1069 श्रद्धालु चॉपर सेवा के जरिये पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। जम्मू के आन स्पाट पंजीकरण केंद्रों पर यात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है।
कोटा बढ़ाने के बावजूद सैकड़ों यात्रियों को टोकन लेकर पंजीकरण के लिए अगले दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। इस बीच शनिवार को जम्मू आधार शिविर से 11वें जत्थे में 2556 श्रद्धालु रवाना हुए। इसमें 1888 पुरुष, 492 महिलाएं, 26 बच्चे और 150 साधु शामिल हैं।