अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रिहायशी इलाकों में लगातार पाक गोलाबारी को देखते हुए सीमांत अस्पतालों में अलर्ट जारी किया गया है। इसके लिए अतिरिक्त एंबुलेंस स्थापित करने के साथ पर्याप्त जीवन रक्षक और अन्य दवाओं का स्टाक रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा केंद्रों पर सभी जरूरी स्टाफ को तैनात रहने को कहा गया है।
इस बीच स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गुरजीत सिंह सूदन ने आरएस पुरा और बिश्नाह में आईबी से सटे चिकित्सा केंद्रों का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।स्वास्थ्य निदेशक ने ब्लाक मेडिकल आफिसर आरएस पुरा और अन्य मेडिकल आफिसरों को बार्डर फायरिंग के घायलों को तुरंत प्राइमरी चिकित्सा देने के साथ गंभीर घायलों को उचित चिकित्सा के लिए जीएमसी भेजने को कहा है।
सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा केंद्रों को ड्यूटी पर सतर्क रहने को कहा गया है। निदेशक ने एक्सीडेंटल अस्पताल घगवाल का दौरान कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रोजेक्ट को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।