आतंकी हमले की सूचना पर उत्तरी कश्मीर में अलर्ट
- फोटो : PTi
उत्तरी कश्मीर में आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस बात की पुष्टि उत्तरी कश्मीर में तैनात सेना की 19 डिव के सेना कमांडर मेजर जनरल वीरेंदर वत्स ने की। वीरेंद्र वत्स ने कहा कि आतंकियों के हर मंसूबे को नाकाम किया जाएगा।
बता दें, अमर उजाला ने शनिवार को ही खुलासा कर दिया था कि सुरक्षा एजेंसियों के पास इनपुट्स हैं कि आतंकी उत्तरी कश्मीर में बारामुला के पट्टन से लेकर एचएमटी श्रीनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेना के नाकों या काफिले को निशाना बना सकते हैं।
जानकारी यह भी है कि लश्कर के ओजीडब्ल्यू इसकी रेकी कर चुके हैं। हमले को पाकिस्तानी आतंकी रहमान भाई के नेतृत्व वाला दल अंजाम दे सकता है। इनपुट के अनुसार हमले को अंजाम देने वाले आतंकी एंबुलेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस इनपुट के आधार पर सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मारे गए दोनों घुसपैठियों को बड़ी वारदात करने भेजा गया था
नौगाम सेक्टर में घुसपैठ करते मारे गए दो आतंकियों से बरामद हथियार और गोला बारूद पर उन्होंने कहा कि वह किसी बड़े हमले को अंजाम देने के इरादे से घुसपैठ कर रहे थे। उत्तरी कश्मीर में आतंकवाद की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर की परिस्थितियां दक्षिणी कश्मीर से बहुत ही अलग हैं। यहां के लोगों ने आतंकियों के एजेंडे को नकारा है और यही कारण है उन्हें वहां ज्यादा समर्थन नहीं मिल पाया।