सांबा। हीरानगर सेक्टर के इंटरनेशनल बार्डर (आईबी) पर 15 दिन से पाक रेजरों की ओर से गोले बरसाए जा रहे हैं। क्षेत्र के पांच किलोमीटर पट्टी के साथ लगने वाले सरकारी स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। पाक रेंजर उकसावे की रणनीति पर गोलीबारी कर रहे हैं। बीएसएफ के जवान संयम बरत रहे हैं। गत रात्रि को भी पाक रेजरों की ओर से गोलीबारी की गई थी।
रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भारी संख्या में आंतकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की फिराक में है। पाक रेंजर हीरानगर सेक्टर में गोलीबारी जारी रखे हुए हैं व आतंकियों को सांबा सेक्टर की आईबी से घुसपैठ कराने की साजिश में है। सूत्रों की मानें तो एक बार फिर से पुराने घुसपैठ के मार्गों से घुसपैठ की योजना है।
सूत्रों के अनुसार कभी बबर नाला, रिगाल नसर्र, बंई नाल, तरना नाला घुसपैठ के पुराने मार्ग थे। घुसपैठ के पुराने मार्गों पर बीएसएफ व पुलिस की कड़ी निगरानी है। मंगलवार को दिन भर सेना के अधिकारी व जवानों ने घुसपैठ के पुराने मार्गों का जायजा लिया व घुसपैठ के प्रयास को पूरी तरह से विफल बनाने के लिए सेना के जवानों को भी सतर्क कर दिया है।