पुलिस की पाठशाला का लोगो लगाएं
सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल अखनूर में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से किया गया पुलिस की पाठशाला का आयोजन
अखनूर। बेटियों को किसी भी अत्याचार से डरने की जरूरत नहीं। बेखौफ होकर विरोध करें। इसके लिए थाने जाने की भी जरूरत नहीं है, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर भी तुरंत मदद पा सकती हैं। यह बातें एसडीपीओ अखनूर वीरेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में कहीं। इस कार्यक्रम में 11वीं और 12वीं कक्षा की 100 से अधिक छात्राओं को नए कानूनों और साइबर सुरक्षा की विस्तृत जानकारी दी गई।
एसडीपीओ ने छात्राओं को आपात स्थितियों के लिए जरूरी हेल्पलाइन नंबरों जिनमें 100 (पुलिस), 1091 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्डलाइन) की जानकारी दी और समझाया कि कैसे बिना किसी झिझक के इन नंबरों पर कॉल करके तत्काल सहायता ली जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब कई प्रकरणों में बिना थाने गए ही ऑनलाइन या फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई जा सकती हैं ताकि पीड़िताओं को न्याय मिलने की प्रक्रिया आसान और तेज हो सके।
कार्यक्रम में छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया पर सुरक्षा उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। छात्राओं ने कानून और सुरक्षा से जुड़े अपने सवाल भी पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।
सवाल पूछने और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी और सटीक जवाब देने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रिया पवार (12वीं), प्रीति देवी (11वीं), मीनाक्षी (12वीं) और गायत्री शर्मा (11वीं) को पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वाइस प्रिंसिपल मीनू बाली, डॉ. पारुष, सत्यपाल शर्मा और अमित उप्पल सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रिंसिपल बोल, कार्यक्रम से बढ़ेगा बच्चियों का आत्मविश्वास
विद्यालय के प्रिंसिपल सरदार हरजीत सिंह ने कहा कि आमतौर पर छात्राएं किसी समस्या या आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने में हिचक महसूस करती हैं। इस कार्यक्रम ने न केवल उन्हें उनके अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं से अवगत कराया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी सशक्त बनाया है।