अखनूर के सुंगल में पीड़ित युवक के हाथ खोलते स्थानीय लोग।
अखनूर के सुंगल क्षेत्र का मामला, बकाया रकम मांगने गए युवक के साथ मारपीट
पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
अखनूर। अखनूर थाना के सुंगल क्षेत्र में बकाया रकम मांगने गए एक युवक के साथ मारपीट और जबरन उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुंगल निवासी शिकायतकर्ता सादिक अली ने बताया कि उसने आरोपियों से 2-3 दिन की मजदूरी में पैसे लेने थे और वह राशि लेने उनके पास गया था। आरोपियों ने पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि पहले वह उनके लिए खैर की लकड़ी की कटाई करके दे फिर ही बकाया राशि मिलेगी। जब उसने उनके साथ काम करने से इन्कार किया तो देर शाम लगभग 9 बजे आरोपी मोहम्मद असलम, नूरी, रैयाज, गोशा, रफीक और जल्लू स्कॉर्पियो वाहन में आए और उसे रास्ते में रोककर जबरन गाड़ी में बिठा लिया।
शिकायकर्ता ने आरोप लगाया कि गाड़ी में और बाद में घर ले जाकर लाठियों और डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। उसने बताया कि आरोपियों ने उसे रस्सियों से बांधकर धमकाया और गाली-गलौज भी की। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से उसकी जान बच पाई। पीड़ित की जब स्थानीय लोग हाथों पर बंधी रस्सियां खोल रहे थे उस समय की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। उसमें साफ नजर आ रहा है कि पीड़ित को बेरहमी से मारा गया है। अखनूर पुलिस ने अखनूर थाने में एफआईआर नंबर 227/2025 के तहत बंधक बनाना, हमला, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
अखनूर के सुंगल में पीड़ित युवक के हाथ खोलते स्थानीय लोग।