रीमा टेक्सटाइल में लगी आग के दृश्य
अखनूर के राजा बाजार में हुआ हादसा, रातभर चला राहत अभियान, आठ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है आग लगने का कारण
अखनूर। अखनूर कस्बे के राजा बाजार में बुधवार रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरी तीन मंजिला इमारत देखते ही देखते लपटों की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रात 11 बजे रीमा टेक्सटाइल की दुकान में आग लग गई। बाजार बंद होने के कारण सन्नाटा पसरा था।
सूचना मिलते ही जम्मू और अखनूर से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुल आठ फायर टेंडरों की टीमों ने पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक पूरी इमारत और उसमें रखा भारी मात्रा में कपड़ा, पर्दे, चादरें, तैयार वस्त्र और सजावटी सामान पूरी तरह जल चुके थे।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि कुछ दुकानों के शीशे टूट गए, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
थाना प्रभारी राजेश जसरोटिया टीम के साथ मौके पर डटे रहे जबकि एसडीपीओ अखनूर वीरेंद्र गुप्ता ने भी हालात का जायजा लेकर आग बुझाने की कार्रवाई की निगरानी की। व्यापारियों ने बताया कि लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की कई इमारतों को भी खतरा पैदा हो गया था। सूत्रों के अनुसार नुकसान का अनुमान दो से तीन करोड़ रुपये तक लगाया जा रहा है। घटना से अखनूर के व्यापारिक समुदाय में गहरा दुख और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रीमा टेक्सटाइल में लगी आग के दृश्य