छह किलोमीटर दूर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं लेना मजबूरी : ग्रामीण
पुरमंडल। पुरमंडल ब्लॉक की खड़ा मदाना पंचायत के गांव चट, डब्बू फला, सुम्बली और बावली के लोगों ने क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य केंद्र खोलने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र न होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों पूर्व सरपंच अनिल शर्मा, विक्की कुमार, जोगिंदर सिंह, जावेद हुसैन, मदन लाल, नरेश कुमार, और शिव दीपवैद और हुसैन मोहम्मद ने बताया कि गांवों में किसी प्रकार का स्वास्थ्य उपकेंद्र नहीं है। इस कारण लोगों को मामूली उपचार या दवाइयों के लिए भी छह किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार चारों गांवों की कुल आबादी करीब 1200 है जो आज भी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में विशेष कठिनाई होती है। कई बार आपात स्थिति में यह दूरी जानलेवा भी साबित होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोग्य केंद्र खुलने से टीकाकरण, मातृत्व देखभाल, दवा वितरण और स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियान सीधे तौर पर लोगों तक पहुंच पाएंगे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों और सरकार से उनके क्षेत्र में जल्द से जल्द आयुष्मान आरोग्य केंद्र खोलने की मांग की है।