एलओसी पर दोनों देशों के बीच मचे घमासान पर एयरफोर्स ने पूरी तैयारी की हुई है। उधमपुर और श्रीनगर के एयरबेस पर लड़ाकू विमानों को तैयार रखा गया। दिनभर चिनाब और पीर पंजाल घाटी में विमान मंडराते रहे।
इंटरनेशनल बार्डर के पास भी विमानों की गश्त होती रही। पूरी रियासत की सैन्य यूनिटों को अलर्ट पर रखा गया है। सेना को हर समय किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कहा गया है। इसके अलावा नेशनल हाईवे पर तैनात पुलिस की जगह नाकों पर कुछ देर के लिए सेना को तैनात कर दिया गया था।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस की ओर से भी अपने सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया था ताकि कुछ भी होने पर लोगों की मदद की जा सके। हालांकि बार्डर पर रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस पर जम्मू के जिला उपायुक्त ने कहा कि लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा है। लोग किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में व्यस्त रहें।