जम्मू-कश्मीर में वर्तमान में हालात को देखते हुए विमान कंपनियों ने जम्मू और श्रीनगर से टिकट रद्द करने पर शुल्क नहीं लेने की अवधि को बढ़ाया है। विमान कंपनी एयर इंडिया ने 22 अगस्त तक और गो-एयर ने 23 अगस्त तक टिकट रद्द करने पर शुल्क नहीं लेने का फैसला किया है। विमान कंपनियों ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है।
पांच अगस्त से घाटी में पनपे तनाव के बाद से विमान कंपनियों ने टिकट रद्द करने पर यात्रियों से शुल्क नहीं लेने का फैसला किया था। एयर इंडिया ने पहले 15 अगस्त तक यह सुविधा रखी थी, जिसे अब बढ़ाकर 22 अगस्त तक किया है। वहीं गो-एयर विमान कंपनी ने 23 अगस्त तक टिकट रद्द करने पर चार्ज नहीं लेने का फैसला किया है।
विमान कंपनियों के इस फैसले से यात्रियों को लाभ मिलेगा, टिकट रद्द करने पर लगने वाले शुल्क से उन्हें कुछ समय तक निजात मिलेगी। एयर इंडिया और गो-एयर विमान कंपनी की उड़ानें जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट से संचालित होती हैं।