जम्मू। शहर में सड़कों की मरम्मत और नागरिक सुविधाओं की निगरानी के लिए नगर निगम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्रणाली शुरू की है। साथ ही 1.30 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई कोल्ड इमल्शन पोथोल पैचिंग मशीन को भी संचालन में लाया गया है। निगम का दावा है कि नई व्यवस्था से सड़कों पर गड्ढों की पहचान और उनकी मरम्मत का कार्य पहले की तुलना में अधिक तेजी से किया जा सकेगा।
आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि एआई कैमरों से लैस वाहन शहर की सड़कों का सर्वे करेंगे। यह प्रणाली गड्ढों सहित विभिन्न खामियों की पहचान कर उनकी लोकेशन जियो-टैग करेगी और संबंधित इंजीनियरिंग विंग को रिपोर्ट उपलब्ध कराएगी। इसके बाद नई मशीन की सहायता से मरम्मत कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम ने मानसून से पहले सड़कों की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से पहल की है।
नई तकनीक से गड्ढों की पहचान और मरम्मत के बीच लगने वाला समय कम होगा जिससे सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों को भी कम किया जा सकेगा। निगम के अनुसार एआई प्रणाली केवल गड्ढों की पहचान तक सीमित नहीं रहेगी। इसके माध्यम से सड़कों पर फैले कचरे, ओवरफ्लो डस्टबिन, जलभराव, खुले मैनहोल, खुले नाले, क्षतिग्रस्त फुटपाथ, टूटी सड़क मार्किंग, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, आवारा पशुओं तथा मलबे जैसी समस्याओं की भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। निगम का मानना है कि यह व्यवस्था शहरी प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं की निगरानी और समाधान प्रक्रिया को भी गति देगी।