जम्मू में किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए एफसीआई ने बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से सीधे धान की खरीद और भुगतान की घोषणा की है। इस प्रक्रिया से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
जम्मू। कृषि निदेशक अनिल गुप्ता ने कहा कि किसानों के हितों को देखते हुए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के तहत किसानों से सीधे धान की खरीद करेगा।
विज्ञापन
इसमें ग्रेड ए के लिए 2389 रुपये प्रति क्विंटल व सामान्य ग्रेड के धान के लिए 2369 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान किया जाएगा। धान खरीद सीजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में गुप्ता ने जोर दिया कि किसानों को धान में बिचौलियों से बचाने के लिए हर स्तर पर पारदर्शिता बरती जाएगी। हर खरीद केंद्र पर आधार से बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की जाएगी। एफसीआई प्रतिनिधियों ने बताया कि 24 खरीद मंडियों के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं और उनका मूल्यांकन किया जा रहा है।
मंडी श्रम ठेकेदारों (एमएलसी) की नियुक्ति शीघ्र ही की जाएगी। वर्तमान में खरीद कार्यों को सुगम बनाने के लिए जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में 24 धान खरीद केंद्र कार्यरत हैं। बैठक में मुख्य रूप से संयुक्त निदेशक जम्मू सोहन सिंह, उप निदेशक कृषि संजीव राय गुप्ता,एफसीआई मुकेश वर्मा, डीएम एफसीआई नवनीत कुमार राणा, डीएओ कठुआ रवि शर्मा और प्रभारी खरीद प्रकोष्ठ संजीव खजूरिया आदि मौजूद रहे। ब्यूरो