अखनूर। बुधवार की रात मैरा मेंदरिया क्षेत्र में मूसलाधार बारिश और तूफान के चलते सैकड़ों कनाल लगी मक्की और अन्य फसल को नुकसान हुआ है। इससे किसानों को रोजी-रोटी की चिंता सताने लगी है।
किसान रतन लाल ने कहा कि बारिश और तूफान से कई किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। मक्की की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। फसल गिर गई है। उन्होंने बताया कि किसानों को अब रोजी रोटी के संकट की चिंता सताने लगी है। किसान रामेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बारिश से सैकड़ों एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गई है। फसल से बीज मिलने की संभावना भी नाम मात्र की है। नाले और मार्गों पर बारिश का पानी भरने से भी फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है। सरकार को चाहिए कि क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा दिया जाए।