राजोरी। भारतीय सेना ने स्थानीय आबादी के साथ सद्भावना को बढ़ावा देने और संबंधों को मजबूत करने का प्रयास किया है। इसके तहत बागवानी विभाग के सहयोग से राजोरी के समोट क्षेत्र में बीज वितरण कर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय लोगों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में शिक्षित करना और घर और सामुदायिक खेती के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था।
व्याख्यान में मौसमी पौधरोपण, मृदा प्रबंधन, जैविक खेती पद्धति और पहाड़ी इलाकों में फसल की पैदावार को अधिकतम करने की तकनीकों का महत्व बताया गया। बागवानी विभाग के विशेषज्ञों ने व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया। उपस्थित लोगों से बातचीत कर व्यक्तिगत प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता वाली सब्जी और फलों के बीज बांटे गए। इससे उन्हें साझा ज्ञान को लागू करने और अपनी जमीन पर खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सत्र में कुल 62 ग्रामीणों ने भाग लिया। इस पहल को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा। इसके लिए उन्होंने भारतीय सेना और कृषि विभाग की सराहना भी की।