जम्मू। सरोर टोल प्लाजा के खिलाफ विरोध में प्रदेश भर के ट्रांसपोर्टर भी शामिल हो गए हैं। आल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने टोल प्लाजा बंद नहीं करने पर 17 से हड़ताल और चक्काजाम की चेतावनी दी है। जम्मू-कठुआ बस यूनियन और बाड़ी ब्राह्मणा से वियजपुर, राय सुचानी तक चलने वाली मिनी बस के चालक पहले ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे हैं।
मंगलवार को आल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में चेयरमैन टीएस वजीर ने कहा कि अगर चौबीस घंटे में सरोर टोल प्लाजा बंद नहीं हुआ तो 17 अक्तूबर से लखनपुर से श्रीनगर तक चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण ट्रांसपोर्टरों पर रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। सरकार ने पहले वाहन पंजीकरण शुल्क बढ़ा कर नौ और दस प्रतिशत किया, इसके बाद नए मोटर व्हकील एक्ट से ट्रांसपोर्टरों का काम करना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को राज्य भवन में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपकर ट्रांसपोर्टरों की जायज मांगों को पूरा करने की अपील की थी लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।