बाड़ी ब्राह्मणा। पुरमंडल में कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर चल रही हड़ताल रविवार को 22 वें दिन में प्रवेश कर गई। इस मौके पर सांबा के पूर्व विधायक देवेंद्र मनयाल और डीडीसी अध्यक्ष केशव दत्त शर्मा ने पुरमंडल का दौरा किया। उन्होंने लोगों से बातचीत भी की।
उन्होंने कहा कि पुरमंडल में कॉलेज की मांग को लेकर जल्द ही सांसद जुगल किशोर शर्मा का भी दौरा कराया जाएगा। जो भी जायज होगा, उसके तहत बताया जाएगा। लोगों ने बताया कि वह कॉलेज के लिए निरंतर हड़ताल पर बैठे रहेंगे, और जब तक उन्हें कॉलेज नहीं मिल जाता तब तक वह इस धरने को जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि 22 दिन के बाद भी प्रशासन की तरफ से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया है, जिसके चलते आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह आक्रोश सड़क पर भी उतर जाएगा, जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा।
पूर्व विधायक और अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि इस मसले को निपटाने के लिए वह उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और जल्द ही उपायुक्त का भी दौरा कराएंगे।
दूसरी ओर प्रमंडल वासियों का गतिरोध तेज होते देख कटवालता के लोगों ने भी एकजुट होकर रैलियां निकालकर प्रशासन को आगाह कर दिया कि कॉलेज का निर्माण जिस तरह से कटवालता में चल रहा है, उसे चलने दिया जाए।