सांबा। कस्बे के पुराने बाजार चोहाटा में बिजली की किल्लत से परेशान स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनके चोहाटा चौक में एक सप्ताह से बिजली की समस्या चल रही है। तारें टूटने पर उन्होंने विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में जहां बिजली नियमित मिलनी चाहिए और अच्छी वोल्टेज होनी चाहिए। वहीं इन सभी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बिजली किल्लत और लो वोल्टेज होने से कई और समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में पहले तो पानी की समस्या खड़ी हो जाती है। पानी के मोटरें नहीं चल पाती हैं। दूसरी तरफ जल शक्ति विभाग की तरफ से भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्रदर्शनकारियाें ने कहा कि पहले तो अधिकारी फोन ही नहीं उठाते हैं। यदि उठा लें तो कोई जवाब ही नहीं मिलता है। इस पर मजबूर होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शन में राहुल कुमार, संजे गुप्ता, रवि शर्मा, अमित चंदेल, अनिल खजूरिया, कैलाश कुमारी, शारदा देवी आदि शामिल रहे।