बिश्नाह। गांव रिहाल के खेत में शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक का शव पाया गया था। उसकी पहचान अर्जुन कुमार पुत्र तरसेम लाल रामगढ़ के रूप में हुई थी। रविवार को युवक का शव लेने आए उसके परिजनों ने उसकी हत्या होने की आशंका जताई।
परिजनों ने कहा कि शव मिलने से एक दिन पहले ही हमने उसके गुमशुदा होने का मामला रामगढ़ पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया था। जिस तरह से अर्जुन कुमार के सिर, बाजू और मुंह पर चोट के निशान हैं। उससे लगता है कि उसकी हत्या करने के बाद उसके शव को यहां फेंका गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक युवक गुलशन कुमार जो कि रामगढ़ अस्पताल के पास रहता है। वह अर्जुन कुमार को अपने साथ ले गया था। हमने उसे हर जगह ढूंढा, जब गुलशन कुमार से अर्जुन के बारे में पूछा तो उसने बताया कि मैंने उसे माल गांव के बस अड्डे पर छोड़ा था। परिजनों ने कहा कि अर्जुन की हत्या हुई है। वह शादीशुदा था और दो बच्चों का बाप था। मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अर्जुन की हत्या में कौन-कौन लोग शामिल हैं, और किस वजह से उसकी हत्या हुई, परिजनों ने बिश्नाह पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग रखी।