मीरां साहिब। ऑल इंडिया किसान सभा के प्रदेश प्रधान किशोर की ओर से मंगलवार को मीरां साहिब में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराए जाने के बाद भी बैंक की ओर से किसानों को बीमा की राशि मुहैया नहीं कराई गई।
किशोर ने कहा कि पिछले वर्ष किसानों की ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा नहीं मिल पाया, जबकि उन्होंने इसका बीमा करा रखा था। अन्य बैंकों की ओर से किसानों को बीमा कराए जाने के उपरांत राशि मुहैया कराई गई है, जबकि पंजाब नेशनल बैंक की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार पूंजीपतियों के साथ खड़ी और किसानों की अनदेखी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बाद में नायब तहसीलदार रविंदर शर्मा को मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ताकि किसानों को बीमा कराए जाने के उपरांत धान की खराब फसल का मुआवजा मिल सके। इस दौरान काफी संख्या में किसान भी मौजूद थे।