आरएस पुरा। सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में दूसरे दिन भी सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति न होने पर विरोध-प्रदर्शन किया। बुधवार की रात को भी सीमावर्ती क्षेत्र के बीस गांव के ग्रामीणों ने खाना चक गांव के रिसीविंग स्टेशन पर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वीरवार को प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर बिजली का ढांचा होने पर गर्मी के दिनों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए कि कोई योजना बना कर लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति की जाए। ताकि आ रही दिक्कतों से लोगों को राहत मिल सके। प्रदर्शन में शामिल वासपुर के पूर्व नायब सरपंच विजय चिव, बलबिंद सिंह, दयाल सिंह आदि ने कहा कि इन दिनों दो-तीन घंटे ही बिजली की आपूर्ति की जा रही है। किसानों द्वारा धान लगाए जाने के लिए पानी नहीं मिल रहा। यही हालत पेयजल की है। बिजली विभाग समाधान नहीं कर रहा है। इसके चलते उन्हें इस गर्मी में अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए विरोध- प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
इस दौरान सुचेतगढ़ डीडीसी सदस्य तरणजीत सिंह टोनी व बिजली विभाग के एक्सईएन अशोक कुमार छिब्बर सहित अन्य विभागीय कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 15 जुलाई तक सीमावर्ती ग्रामीणों को सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी। इन दिनों नई लाइन लगाए जाने का कार्य चल रहा है। शीघ्र ही पूरा होने पर आरएस पुरा, बडियाल ब्राह्मणा, खाना चक सहित सीमावर्ती क्षेत्र में सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।
-----
बिजली अधिकारियों के साथ डीडीसी सदस्य की बैठक
आरएस पुरा। बिजली की बढ़ती किल्लत पर एसडीएम, एक्सईएन अशोक कुमार छिब्बर, एसडीपीओ शब्बीर खान सहित अन्य अधिकारियों के साथ सुचेतगढ़ डीडीसी सदस्य तरणजीत सिंह टोनी ने बैठक कर क्षेत्र के लोगों को सुचारु बिजली देने की मांग की। टोनी ने कहा कि कई रिसीविंग स्टेशन पर लोगों द्वारा मनमानी करने पर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती, इसके चलते दूसरे रिसीविंग स्टेशन पर बिजली की अधिक कटौती की जा रही है। ऐसे स्टेशन पर पुलिस तैनात की जाए। एसडीएम रामलाल शर्मा ने कहा कि कई लोगों द्वारा एक किलो वाट का कनेक्शन लिया होने पर पांच किलो लोड का प्रयोग किया जा रहा है। अधिक लोड के चलते रिसीविंग स्टेशन में लगे ट्रांसफार्मर पर ओवर लोडिंग हो जाती है। एक्सईन ने कहा कि मीरां साहिब ग्रिड स्टेशन में दो नई लाइन बनाई जा रही है। इन पर लोड ट्रांसफार्मर होने से सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।
फोटो
महंता दी पट्टियां में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया
परगवाल। पंचायत भलवाल मोलू के गांव महंता दी पट्टियां में वीरवार को 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस मौके पर नायब सरपंच उदय शर्मा, पंच कुलदीप राज और मंडल उपाध्यक्ष मगधेश सिंह मौजूद थे। नायब सरपंच ने कहा कि यह ट्रांसफार्मर डीडीसी उपाध्यक्ष सूरज सिंह के फंड से जारी हुआ है। गांव वाले ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे थे। संवाद
कैप्शन 1
महंता दी पट्टियां में नया ट्रांसफार्मर लगते हुये
बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी
अखनूर। क्षेत्र के कई में गांवों में बिजली कटौती से ग्रामीणों को बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि बिजली कटौती कम की जाए। अखनूर के कंडी क्षेत्र के कस्बे सहित दसकाल, सुंगल, चौकी चौरा, डोरी डगेर सहित अन्य क्षेत्र में दो सप्ताह से बिजली की कई घंटे हो रही कटौती से लोगों को बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। क ई बार लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत भी कराया। गर्मी के बढ़ते तापमान पर बड़ी परेशानी से गुजरना पड़ा रहा है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दो हफ्तों से बिजली की आपूर्ति कम होने पर बढ़ते तापमान पर लोगों को परेशानी हो रही है।
बिजली कटौती ने किसानों की दिक्कतें बढ़ाई
रामगढ़। बिजली कटौती ने धान की रोपाई के काम में जुटे किसानों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। लो वोल्टेज व कटौती के कारण किसानों के पंपसेट नहीं चल पा रहे। धान की रोपाई का काम भी नहीं बढ़ रहा। साथ ही अगेत्री लगी धान की फसल भी सूखे की चपेट में आ गई है। किसान सुखदेव चौधरी, प्रेमपाल चौधरी, मोहन सिंह भट्टी, भारत भूषण, कुलदीप वर्मा आदि ने बताया कि पर्याप्त बारिश अभी नहीं हुई है। क्षेत्र की नहरों में पानी भी नहीं आ रहा। किसान बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन विद्युत व सिंचाई विभाग का ध्यान सिंचाई जल की किल्लत से जूझ रहे किसानों की ओर दिलाते हुए बिजली व सिंचाई जल की आपूर्ति को सुचारु बनाने की मांग की है। संवाद
फोटो
11 केवी लाइन की चपेट में करंट आने व्यक्ति घायल
ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के गांव अजैल मलाल (कुलियां) निवासी अजीत राज वीरवार सुबह करीब आठ बजे 11 केवी लाइन की चपेट में आ गया। उसे जोरदार करंट लगा और वह बेहोश हो गया। बताया जाता है कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसने लोहे की तार को हाथ में लेकर गांव के पास से गुजर रही लाइन के साथ टच कर दिया। राहगीरों ने बेहोशी की हालत में उसे गाड़ी में डाल कर घर तक पहुंचाया और घर से उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। संवाद