आरएस पुरा। नहरी पानी की सुचारु रूप से आपूर्ति न होने पर सीमावर्ती किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। मांग करते हुए कहा कि नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ा जाए।
सीमावर्ती क्षेत्र फत्तु चक में प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में किसान शामिल हुए, सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल किसान परवीन सिंह, विशंभर सिंह, कुलदीप सिंह, सरवन सिंह आदि ने बताया कि नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी ना आने के कारण उनकी धान की पनीरी सूख चुकी है। किसान धान की रोपाई भी नहीं कर पा रहे। इसके अलावा पशुओं के लिए लगाया गया चारा भी सूखने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि एक तरफ जहां सरकार किसानों को हर प्रकार की सुविधाएं देने की बात कर रही है। वहीं दूसरी तरफ जरूरत के समय किसानों को नहरी पानी तक नहीं मिल पा रहा है।
किसानों ने कहा कि इस वह कई बार पहले भी विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके अंतिम छोर तक नहरी पानी किसानों को नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं छोड़ा गया तो वह आने वाले दिनों में बड़ा प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे, जिसके लिए विभाग पूरी तरह से जिम्मेदार होगा। इस मौके पर अन्य किसानों ने भी अपनी-अपनी बात रखी और किसानों की दिक्कतों का समाधान करने की मांग की ताकि किसान समय पर धान की रोपाई कर सके।