आरएस पुरा। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर हिंदुस्तान शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के गांव कुल्लियां में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला उप प्रधान रिंकू कुमार ने किया। प्रदर्शन में काफी संख्या में कार्यकर्ता तथा महिलाएं शामिल हुई।
रिंकू कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में विफल हो चुकी है। इस कारण आम लोगों का जीना मुहाल है। विपक्ष में होते हुए भाजपा द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते थे कि उनकी सरकार आने पर महंगाई पर काबू पाया जाएगा, लेकिन जिस तरह से कुछ दिन से पेट्रोल डीजल तथा गैस के दाम में वृद्धि हुई है उससे यह बात साबित होती है कि सरकार के दावे खोखले हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी में महंगाई की मार में आम इंसान पिसता हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द महंगाई पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले दिनों में हिंदुस्तान शिवसेना बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगी।
प्रदर्शन में ओम प्रकाश, रानी देवी, राज कुमार सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।