सांबा। सिडको फेज-प्रथम स्थित एक पेंट बनाने वाले कारखाने से निकाले गए श्रमिकों ने शनिवार को प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। श्रमिकों के अनुसार उनके पीएफ में घोटाला किया गया है। इस कारण उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शन की अगुवाई कैली मंडी के सरपंच रविंद्र सिंह लबलु ने की। श्रमिकों ने कहा कि पेंट बनाने वाले कारखाने में पीएफ के नाम पर उनके साथ घोटाला हुआ है। कारखाने के ठेकेदार के पास श्रमिक करीब दस साल से काम करते थे, लेकिन उनका पीएफ आज तक नहीं दिया गया। एक वर्ष पूर्व उन्हें कारखाने से यह कह कर निकाल दिया गया कि आपका पीएफ तभी मिलेगा जब आप उक्त कारखाने को छोड़ देंगे। क्योंकि उनका पीएफ ज्यादा बन चुका था। उसके बाद आज एक वर्ष बीत जाने के बाद भी श्रमिक संबंधित विभागों व कारखाने के चक्कर काट कर थक चुके हैं।
श्रमिकों ने बताया कि वह इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस टालमटोल कर रही है। सरपंच लबलु ने बताया कि श्रमिक सुरिंदर कुमार के 101426, बोधराज के 138502, मेजर लाल के 134622, यशपाल के 92588, तिलक राज के 68342 व रोहित शर्मा के 68990 रुपये हैं। उन्होंने कहा कि पीएफ विभाग में जाओ तो अधिकारी बोलते हैं। अपनी स्टेटमेंट लाओ, लेकिन कारखाना का ठेकेदार स्टेटमेंट देता ही नहीं है। इससे जाहिर होता है कि उक्त ठेकेदार कारखाना प्रबंधन व प्रशासन की मिलीभगत से श्रमिकों को पीएफ नहीं देने का गोरखधंधा चला रहे हैं। प्रदर्शन में पंच रजिंदर सिंह, पार्षद महेश्वर राज व श्रमिक भी शामिल रहे।