रायल्टी पर्ची के दाम बढ्ने पर गांव के लोगों ने किया प्रदर्शन ।
रामगढ़ । जिला प्रशासन ने देविका और बसंतर नदियों के चार ब्लॉकों में खनन से रोक हटा दी है। इसके बाद वहां से निर्माण सामग्री उठाने की अनुमति भी दे दी गई है। जिन लोगों ने प्रतिबंध मुक्त हुए ब्लॉकों की लीज कराई थी उन्होंने रॉयल्टी पर्ची के दाम प्रति सैकड़ा बारह सौ निर्धारित कर सामग्री उठाना शुरू कर दिया है।
इसके लिए रामगढ़ के कौलपुर क्षेत्र में बैैरियर भी लगने लगे हैं। बुधवार को बारह सौ रुपये प्रति सैकड़े के हिसाब से सामग्री की रॉयल्टी काटना शुरू होते ही देविका से सटे गांव कौलपुर के लोग रॉयल्टी काउंटर पर जमा हो गए, और बढ़ी रायलटी का विरोध करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने कहा कि नदी, नालों पर खनन की अनुमति देने के साथ ही ढाई सौ रुपये प्रति सैकड़ा सामग्री के दाम निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इसके लिए बारह सौ रुपये की पर्ची काटी जा रही है। थाना प्रभारी ने इस मसले को हल कराने का आश्वासन दिया। कौलपुर के लोगों ने करीब एक हजार कनाल एरिया में देविका के खनन रकबे से किसी किस्म का खनन नहीं करने की चेतावनी दी।
यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। एक हजार कनाल बसंतर देविका रकबा किसानों की निजी संपत्ति है। इसलिए यहां न तो खनन होना चाहिए और न यहां से सामग्री उठाने की कोशिश होनी चाहिए। गौरतलब है कि बसंतर व देविका में बाढ़ से सीमावर्ती किसानों की हजारों कनाल कृषि भूमि बरबाद हो चुकी है। अब यहां खनन सामग्री जमा हो गई है। प्रदर्शन में सरपंच जसबीर सिंह, तारा सिंह, पंच तरसेम सिंह, तरसेम लाल, सिंह सभा गुरुद्वारा कमेटी प्रधान गुरबख्श सिंह, महासचिव जसबीर सिंह आदि शामिल रहे।