विजयपुर में बिजली कर्मचारी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए।
विजयपुर। बिजली विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने विजयपुर में सोमवार को रैली निकाली और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गुरनाम सलाथिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी विजयपुर में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उसके बाद मांगों को लेकर एसडीएम चंद्र प्रकाश कोतवाल के माध्यम से एलजी को ज्ञापन भेजा।
गुरनाम सलाथिया ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों के समर्थन के लिए विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी कई दिन से हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई वर्ष से दैनिक कर्मचारी ईमानदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन शासन उन्हें नियमित करने के लिए किसी भी नीति को लागू करने में विफल रहता है। न ही यह उनके लंबित वेतन को जारी करता है। इस कारण उनके परिवार के सदस्य भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि वे कई साल से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमितीकरण की नीति तैयार कराएं और उनके लंबित वेतन को भी जारी करें। गुरनाम ने कहा कि उन्हें नियमित करने के लिए न तो सरकार कोई नीति बना रही है और न ही दैनिक वेतनभोगियों के वेतन जारी किए जा रहे हैं। अब घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना भी मुश्किल है। ऐसे में सरकार को उनकी जायज मांगों पर विचार करना चाहिए। इस दौरान शशि सलाथिया, सुरजीत खजुरिया आदि थे।