बिजली की जर्जर तारों के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव गोपड बस्ती के लोगों ने बिजली की जर्जर तारों को लेकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द जहां पर नई तारें लगाई जाएं।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी तरसेम लाल सुरेश कुमार, रोशन लाल तथा विजय कुमार ने बताया कि गांव में कई साल से लगी तारों की हालत काफी खराब हो चुकी है। जरा सी हवा चलने पर टूट कर नीचे गिर जाती है। इस कारण बड़ा हादसा होने का खतरा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करा चुके हैं कि जर्जर तारों को जल्द से जल्द बदला जाए, लेकिन इसके बावजूद विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली की तारें टूटने के कारण सप्लाई ठप हो जाती है। वहीं कोई बड़ा हादसा होने की भी आशंका बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द उनकी इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। इस अवसर पर विजय कुमार बंसीलाल सुरेश कुमार, राकेश कुमार, दर्शन लाल तथा अश्विनी कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।