मीरां साहिब। बाजार कमेटी मीरां साहिब के प्रधान सुरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को क्षेत्र की पंचायतों के पंचों व सरपंचों ने बिजली कटौती को लेकर ग्रिड स्टेशन दरसोपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई दिन से रात के 12 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक बिजली की बेतहाशा कटौती की जा रही है। इसके चलते लोग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं। विभाग को विद्युत आपूर्ति में सुधार लाना होगा।
सुरेंद्र चौधरी, चेयरमैन मनोहर लाल सराफ ने कहा कि लोगों का इस गर्मी में जीना मुहाल है। बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी कटौती की जा रही है। इसके चलते ग्रिड स्टेशन में पहुंच संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत करा विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। पंच मनमोहन कुमार, पंच रुचि डोगरा, पंच नीलम शर्मा ,पंच अशोक शर्मा, कुंदन लाल शर्मा सहित अन्य लोगों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की और सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति कराए जाने की मांग की। बाद में प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी दिक्कतों के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करा समाधान किया जाएगा। इस दौरान कई पंचों सहित क्षेत्र के ग्रामीण और बाजार कमेटी सदस्य भी मौजूद थे।
------------
पलूरा के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग
सांबा। राजपुरा तहसील के पूलरा गांव के लोगों को बिजली की समस्या से परेशानी हो रही है। उन्होंने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। पूर्व सरपंच दर्शन चौधरी, अशोक कुमार, पंच लब्बा राम, पप्पू चौधरी आदि ने बताया कि उनके गांव में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर तो लगाया गया है लेकिन वह ओवरलोड चल रहा है। विभागीय अधिकारियों ने भी इस बारे में अपने अधिकारियों को अवगत कराया दिया है। उसकी क्षमता कम होने पर लोगों को लो वोल्टेज मिल रही है। इससे कई बिजली के उपकरण ही जल चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बाबत वह कार्यकारी अभियंता नरोत्तम कुमार को भी मिले। उन्हें भी अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने भी आश्वासन दिया की वह शीघ्र ही 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कराएंगे। उन्होंने कार्यकारी अभियंता से अपील की कि शीघ्र ही उनके गांव के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि क्षेत्र की बिजली की आपूर्ति में सुधार हो। संवाद
-----------
एक्सईएन को बताई बिजली की समस्या
विजयपुर। बिजली की कटौती के कारण सोमवार को विजयपुर के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के दफ्तर में पहुंचा और रोष प्रकट किया। इस मौके पर एक्सईएन को ग्रामीणों ने बताया कि दो माह से लगातार बिजली की कटौती चल रही है। इस कारण हमारे कूलर ,फ्रिज, टीवी, पंखे कम वोल्टेज होने के कारण जल गए हैं। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार, पार्षद निक्की महाजन आदि ने बताया कि बिजली की कटौती के कारण जनता काफी परेशान है। क्योंकि 24 घंटे में मात्र कुछ घंटे ही बिजली आती है। वह भी लोवोल्टेज के कारण किसी काम की नहीं होती। इस कारण टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे शोपीस बनकर रह गए। इन सब परेशानियों को सुनने के बाद एक्सईएन नरोत्तम कुमार आश्वासन दिया कि पीछे से तकनीकी फाल्ट के कारण यह समस्या है, लेकिन जल्द ही इस समस्या का हल कर दिया जाएगा। बिजली की आपूर्ति दुरुस्त कर दी जाएगी। इस मौके पर पार्षद रवि कुमार, जगतर कुमार, गारा कुमार आदि मौजूद थे। संवाद
--------------------
बिजली की समस्या समाधान पर सांसद का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। राजपुरा तहसील की पंचायत मावा के ग्रामीणों ने सांसद डॉ. जितेन्द्र सिंह का आभार जताया है। उन्होंने स्थानीय लोगों को पेश आ रही बिजली की समस्या का समाधान कराया है। पंचायत में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सोमवार को एक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा नेत्री गीता भगत ने की। उन्होंने कहा कि मावा पंचायत को पहले बिजली की आपूर्ति राजपुरा से होती थी। फीडर काफी लंबा होने कारण लोगों को लो वोल्टेज का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने इस बाबत सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह से अपील की। उन्होंने लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए रेईयां पावर स्टेशन से पंचायत को बिजली की आपूर्ति दिए जाने के निर्देश जारी किए। इस पर कार्रवाई हुई और लोगों को कुछ दिनों के भीतर ही रेईयां फीडर से बिजली दी जाएगी। सोमवार को लोगों ने भाजपा नेताओं के साथ सांसद का आभार जताया है। इस अवसर पर कुलभूषण सिंह, बीडीसी चेयरमैन राधे शाम, सरपंच अनीता चौधरी, जनकार सिंह आदि उपस्थित थे।
--------------------
बिजली के लिए ग्रामीण सड़क पर उतरे
रामगढ़। तहसील कार्यालय में बॉर्डर किसान यूनियन के प्रधान मोहन सिंह भट्टी के नेतृत्व में सोमवार को बिजली कटौती पर रोष जताया गया। इस दौरान उपराज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
मोहन सिंह भट्टी ने कहा कि दो फसलें बेमौसम बारिश और आंधी से खराब हो चुकी हैं। किसान पहले से ही कंगाली पर था। अब कोरोना और बिजली कटौती ने परेशान कर दिया है। पंप सेटों की लाइन घरों की लाइन से अलग की जाए। साल में मात्र दो तीन माह बिजली की जरूरत धान को चाहिए होती है, लेकिन वह भी नहीं मिल रही है। पंप सेटों का किराया पंजाब की तर्ज पर माफ होना चाहिए। पिछली फसल के बरबाद होने का मुआवजा आधे लोगों को नहीं मिला। जो आज भी भटक रहे हैं। नहरों की सफाई में सिर्फ पैसों की लूट हो रही है। पानी आगे तक नहीं पहुंच रहा है। बार्डर किसान यूनियन ने पीएम मोदी का बार्डर पर छह किलोमीटर तक रह रहे लोगों को 4 फीसदी नौकरी में आरक्षण देने का धन्यवाद कि या। संवाद
--------------------
बिजली बिलों में कमी करने की मांग
ज्यौड़ियां। पलांवाला में सोमवार को सैनिक समाज सभा खौड़ की तरफ से बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सभा के उपप्रधान सूबेदार गुलबदन सिंह ने की। बैठक में सभा के चेयरमैन फिरजूल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बिजली का बिल अधिक आने का मुख्य मुद्दा रहा। लोगों ने बताया कि क्षेत्र के ज्यादातर लोग खेतीबाड़ी और मजदूरी पर निर्भर हैं। हमारी दुर्दशा को देखते हुए सरकार को हमारे बिजली के बिलों में कटौती करने बजाए बढ़ोतरी कर दी है। बैठक में सीमावर्ती लोगों ने कहा कि हम इस बढे़ बिल को अदा नहीं कर पाएंगे। सभा के पदाधिकारियों ने सीमावर्ती गांव के लोगों की समस्या को सुनने के बाद आश्वासन दिया कि इस विषय में एसडीएम से भेंट की जाएगी ताकि हमारी समस्या को वह उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन प्रभात सिंह, पूर्व नायब सरपंच सुखदेव सिंह सहित अनय कई लोग उपस्थित रहे। संवाद