विजयपुर। केंद्र सरकार लोगों को टोल प्लाजा (टैक्स) लगा कर जनता के साथ धोखा कर रही है। एक तरफ लोग कोरोना से परेशान हैं और उनके रोजगार आदि पर रोक लग गई है। दूसरी तरफ से इस तरह के टैक्स बढ़ाकर परेशान किया जा रहा है।
यह कहना है मेटाडोर यूनियन समेत अनेक संगठन के पदाधिकारियों का। इस संबंध में मेटाडोर यूनियन के प्रधान रघुवीर सिंह वागल, समाजसेवी पंकज सलाथिया, पूर्व मंत्री मंजीत सिंह ने कहा कि कुछ समय पहले विजयपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी को सरोर टोल प्लाजा बंद करने के लिए ज्ञापन दिया गया था। उन्होंने इसे बंद कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इतना समय बीत जाने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र के डुग्गर मंच के अध्यक्ष मोहन सिंह, सूर्य ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष जशील सिंह, राजकुमार भगत आदि ने कहा कि हम लोगों को आशा थी कि जम्मू के लाखों लोगों की परेशानी खत्म होगी, मगर अभी तक कुछ नहीं हुआ। सरोर टोल टैक्स बंद नहीं किया गया, इस कारण विद्यार्थी, मरीज, तीर्थ यात्री और आम जनता परेशान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से मांग की है कि इस ओर तत्काल ध्यान दिया जाए और सरोर टोल प्लाजा को बंद किया जाए। संवाद