विजयपुर। क्षेत्र के मेटाडोर यूनियन के प्रधान रघुवीर सिंह बागल के नेतृत्व में शुक्रवार को क्षेत्र की सभी मेटाडोर का संचालन बंद रहा। इस दौरान मेटाडोर संचालकों ने सरोर टोल टैक्स के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ उपायुक्त रोहित खजूरिया से मुलाकात की ओर उनकेआश्वासन के बाद हड़ताल खत्म की गई।
सरोर में बने टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग करते प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को सुविधा देने में असमर्थ है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा सरोर में जो टोल प्लाजा बनाया गया है वह पूरी तरह तानाशाही से चलाया जा रहा है। वहां चालकों के साथ मारपीट की जा रही है। पुलिस आंखें बंद करके बैठी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि हम लोगों पर टोल टैक्स लगाया जा रहा है, हालांकि भाजपा के राज्य प्रधान रवींद्र रैना ने कहा था कि हम सरोर टोल टैक्स को उखाड़ फेंकें गे, मगर अभी तक कुछ नहीं हुआ और कश्मीर वालों को हर सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। जम्मू के लोगों पर टैक्स ही टैक्स लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर टोल प्लाजा को तत्काल बंद नहीं किया गया तो उसका जोरदार विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। क्योंकि टोल प्लाजा से गरीब जनता का पैसा, समय बर्बाद होता है। उन्होंने मांग की है कि इसको जल्द से जल्द बंद किया जाए। इस दौरान मेटाडोर के चालक सह चालक आदि मौजूद रहे।