धार महानपुर के 35 घरों में पहली बार बिजली से उजाला
- फोटो : अमर उजाला
आजादी के सात दशक बीतने के बाद आखिरकार जम्मू संभाग के कठुआ जिले में धार महानपुर क्षेत्र के दो मोहड़ों नंड और कंजूम में पहली बार बिजली पहुंची और 35 घर रोशन हुए। घरों में बिजली पहुंची तो लोगों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। लोगों ने कहा कि आज हमें अंधेरे से आजादी मिली है और बाकी लोगों की तरह हमारे घर भी बिजली से रोशन हुए हैं। इन मोहड़ों के आसपास के गांव पिछले कई दशकों से बिजली से रोशन थे, लेकिन इनमें बिजली नहीं पहुंच पाई थी। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और पीएमडीपीआर योजना के तहत इन मोहड़ों में भी आखिरकार बिजली पहुंच गई। इन दोनों मोहड़ों के 35 घरों में बिजली पहुंची तो लोगों ने खुशी में मिठाई भी बांटी।
कैपिटल इलेक्ट्रिक पॉवर लिमिटेड के साइट इंजीनियर विपिन चौबे ने बताया कि नंड में पीएमडीपीआर और कंजूम में दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 25 केवी के 2 अलग-अलग स्टेशन बनाए गए हैं। इनका काम वर्ष 2019 से चल रहा था, जिसके पूरा होने के बाद 35 घर रोशन हुए हैं। लाइनमैन मोहन ने जैसे ही लाइट का मेन स्विच ऑन किया गया तो लोग बिजली आने की खुशी में झूम उठे और पूरे गांव में मिठाइयां बांटी।
बिजली के स्टेशनों का उद्घाटन धार मानपुर ब्लॉक की बीडीसी चेयरमैन सुषमा देवी व वार्ड-4 के पंच भूटू राम ने रिबन काटकर किया। साइट इंजीनियर विपिन चौबे ने बताया कि धार महानपुर से करीब 5 किलोमीटर दूर फरोलू में भी बिजली के स्टेशन का काम पूरा हो चुका है तीन-चार दिन के भीतर इस प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिससे 30 और घर बिजली से रोशन होंगे।
आसान नहीं था बिजली पहुंचाना
धार महानपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर पहाड़ी पगडंडी पर बसे नंड और कंजूम में बिजली स्टेशन स्थापित करना कोई आसान काम नहीं था। यहां बिजली के भारी भरकम खंभे और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसमें स्थानीय लोगों ने भी भारी सामान को साइट पर ले जाने में सहयोग दिया।
आखिर पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग
धार मानपुर ब्लॉक के नंड और कंजूम दो ऐसे मोहड़े थे, जहां पर आजादी के सात दशक बीतने के बाद भी बिजली नसीब नहीं हो सकी थी। लोगों ने कई बार प्रशासन और जनपद के नेताओं के समक्ष अपना दुखड़ा रोया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। 2019 में प्रधानमंत्री दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और पीएमडीपीआर योजना बिजली के स्टेशनों का काम शुरू हुआ और अगस्त 2020 पूरा हुआ। इसके बाद नंड और कंजूम भी बिजली से जगमगा उठे।