जम्मू संभाग में सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू होने के बाद अधिक किराया वसूलने के मामले सामने आ रहे हैं। पहाड़ी जिलों में इसकी सबसे अधिक शिकायतें हैं। इनमें डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और राजोरी जिले शामिल हैं। यात्री वाहन विशेष कर मेटाडोर चालक तीस प्रतिशत यात्री किराया बढ़ने के नाम पर लोगों से दोगुना से अधिक किराया वसूल रहे हैं। एआरटीओ डोडा के पास भी इस संबंधी शिकायतें पहुंची हैं।
यह भी पढ़ेंः कारगिल विजय के 21 साल: वीरों के पराक्रम और इन हथियारों के प्रहार से पाकिस्तान ने टेके थे घुटने
जिलों से ग्रामीण और विभिन्न कस्बों के लिए चलने वाले निजी यात्री वाहनों के चालक दोगुना किराया वसूल रहे हैं। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ रही हैं। इन यात्री वाहनों के पास किराया सूची तक नहीं है। डोडा जिले से ग्रामीण रूटों पर जाने वाली इन मेटाडोर में लोगों को ठूंस-ठूंस कर भरा जा रहा है। परिवहन विभाग के पास भी लोगों की शिकायतें पहुंच रही हैं।
टीम कर रही कार्रवाई : एआरटीओ
एआरटीओ डोडा और किश्तवाड़ कुलदीप सिंह ने कहा कि काफी बड़े क्षेत्र की निगरानी उनके पास है। इतने बड़े इलाकों को चेक करना बड़ी चुनौती है। इसके बावजूद विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। भाला, भद्रवाह, किश्तवाड़ सहित अन्य अन्य इलाकों में पुलिस को भी कठोर कार्रवाई करने को कहा गया हैै।
सिंह ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले चालकों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। जिले में सभी वाहन मालिकों को यात्री किराये की सूची दे दी गई है, अब जिन चालकों के पास यात्री किराये की सूची नहीं होगी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः कारगिल विजय के 21 साल: भारत के इस ‘बहादुर’ का खौफ इतना था कि पाकिस्तान कहता था 'चुड़ैल'