आईआईटी जम्मू के बाद अब जम्मू विश्वविद्यालय ने भी इतिहास विभाग में हाइब्रिड क्लासरूम तैयार किया है। इसमें आईआईटी जम्मू ने ही मदद की है। इस क्लासरूम से विद्यार्थी बिना किसी दिक्कत के ऑनलाइन पढ़ाई कर पा रहे हैं।
इतिहास विभाग का यह क्लासरूम हाई स्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर, हाईटेक कैमरा, डिजिटल बोर्ड, लेक्चर स्टेंड समेत अन्य टेक्नालॉजी से लेस है। इस क्लासरूम में छात्रों को ऑफलाइन क्लासरूम जैसा अनुभव हो रहा है। ऐसे हाईटेक क्लासरूम में लेक्चर रिकॉर्ड रहते हैं, जिन्हें छात्र बाद में डाउनलोड कर देख सकते हैं। यह हाइब्रिड क्लासरूम यूजर फ्रेंडली हैं, डिजिटल बोर्ड और हाईटेक कैमरों से लेक्चर की कवरेज छात्रों को क्लास में होने का अनुभव करवाती है।
कोरोना महामारी के कारण सभी शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई ऑनलाइन करवाई जा रही है, लेकिन छात्रों को इसमें तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं जिनके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए जम्मू विश्वविद्यालय ने यह फैसला किया है।
इतिहास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नए हाइब्रिड क्लासरूम से बिना किसी परेशानी के छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई करवा पा रहे हैं। यह टेक्नालॉजी यूजर फ्रेंडली है। अगर कोई छात्र समय पर क्लास से नहीं जुड़ पाता है तो वह एचडी वीडियो डाउनलोड कर लेक्चर को बाद में भी देख सकता है। विवि प्रशासन ने बताया कि इस तरह के और भी हाइब्रिड क्लासरूम और विभागों में खोलने की तैयारी चल रही है।