आईएएस टॉपर शाह फैसल के इस्तीफे के बाद अब दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के प्रमुख जिला सत्र न्यायाधीश सईद तौकीर अहमद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति चाहते हैं। उन्होंने इसके लिए आवेदन किया है। चर्चा है कि वे भी शाह फैसल की तरह राजनीति में आना चाहते हैं।
हालांकि, उन्होंने इस्तीफा के लिए पारिवारिक कारणों का जिक्र किया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। शाह फैसल के इस्तीफे के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन का यह पहला मामला है।
अनंतनाग के सईद तौकीर अहमद ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन भेजा है। सूत्रों के अनुसार एक सप्ताह पहले भेजे आवेदन में कहा है कि पारिवारिक कारणों से वह सेवानिवृत्ति चाहते हैं।
ऑल इंडिया सर्विस (डेथ-कम-रिटायरमेंट बेनिफि ट्स) रूल 1954 के प्रावधानों और जम्मू-कश्मीर हायर ज्यूडिशियल सर्विस 2009 के नियमों के मुताबिक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए तीन माह का अग्रिम नोटिस जरूरी है। आवेदन में कहा है कि वह 21 साल से न्यायिक सेवा में हैं।
वर्तमान में अनंतनाग के प्रमुख जिला व सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। आवेदन में उन्होंने कहा है कि जल्द से जल्द स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान करने में इन नियमों में छूट दी जाए। सूत्रों के अनुसार वह न्यायिक सेवा से अलग होने के बाद दक्षिण कश्मीर में कोकरनाग विधानसभा सीट पर नेशनल कांफ्रेंस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।