जम्मू कश्मीर में बाढ़ से हुई तबाही की मार बोर्ड परीक्षाओं पर भी पड़ी है। कश्मीर संभाग में बोर्ड परीक्षाओं को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद जम्मू संभाग के विंटर जोन के अंतर्गत आने वाले इलाकों के स्कूलों में भी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। हालांकि बोर्ड ने परीक्षा की नई तिथियों का ऐलान जल्द करने की बात कही है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाढ़ की वजह से जम्मू संभाग के विंटर जोन के अंतर्गत आने वाले कई स्कूलों को क्षति पहुंचने के चलते स्कूली शिक्षा बोर्ड को ऐसा फैसला लेना पड़ा है। जम्मू कश्मीर स्कूली शिक्षा बोर्ड की सचिव डा. रेणु गोस्वामी का कहना है कि बाढ़ और बारिश से जम्मू संभाग के विंटर जोन के अंतर्गत आने वाले कई स्कूलों को क्षति पहुंचने की सूचनाएं थीं।
इसके अलावा परीक्षाओं को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी। लिहाजा हालात को देखते हुए बोर्ड ने विंटर जोन में नौ अक्तूबर 2014 से शुरू होने वाली बारहवीं और 14 अक्तूबर से शुरू होने वाली दसवीं की बोर्ड परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया। उनका कहना है कि जल्द ही नई तिथियों का ऐलान हालात को मद्देनजर रखते हुए किया जाएगा।