आम बजट के सहारे भाजपा रियासत कब्जाने की तैयारी कर रही है। बजट को रियासत के तीनों क्षेत्रों जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लोगों के हित में बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने बजट में किए गए प्रावधानों को विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से रखे गए 44 प्लस के लक्ष्य को हासिल करने में मददगार बताया है।
पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में महासचिव कविंद्र गुप्ता और बाली भगत ने कहा कि जम्मू संभाग के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आईआईटी की मांग को केंद्रीय वित्त बजट में पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि लद्दाख में सोलर पावर के लिए 500 करोड़ का प्रावधान कर मोदी सरकार ने लद्दाख के लोगों को भी खुश किया है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर संभाग के लोगों के लिए पशमीना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 50 करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर में स्पोर्ट्स स्टेडियमों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किये जाने से रियासत में खेलों को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गुप्ता ने कहा कि कश्मीरी पंडित विस्थापितों के पुनर्वास के लिए 500 करोड़ का प्रावधान किया गया है जोकि बेहतर कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने रियासत के किसी भी क्षेत्र के साथ कोई भेदभाव नहीं है और इससे पार्टी को उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में जन समर्थन हासिल होगा और रियासत में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।
वहीं पत्रकारों के सवाल पर कविंद्र गुप्ता ने कहा कि रिफ्यूजियों को भी केंद्र सरकार जल्द राहत प्रदान करेगी ऐसा उनका विश्वास है। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष के सियासी सलाहकार प्रो. हरि ओम भी मौजूद रहे।