बारहवीं की परीक्षा खत्म होने के बाद भी विद्यार्थियों का तनाव कम नहीं होगा। बोर्ड परीक्षाओं के बाद विद्यार्थी मेडिकल और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रवेश के लिए कामन एंट्रेंस की तैयारियों में जुट जाएंगे। इस बार बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से 30 और 31 मई को कामन एंट्रेंस होगा।
पिछले दिनों राज्य में बारिश और स्वाइन फ्लू के चलते बीओपीईई की ओर से एंट्रेंस परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन फार्म जमा करने के लिए 19 मार्च तक बढ़ा दी गई थी। राज्य शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई की परीक्षाओं के समाप्त होने के साथ ही कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी।
विद्यार्थियों को एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित टिप्स और परीक्षा पैटर्न आदि के लिए कोचिंग संस्थान भी वेरी सिमिलर टेस्ट (वीएसटी) जैसी परीक्षाएं आयोजित कराएंगे। गांधीनगर स्थित सीपी क्लासेज के सुनील दत्त ने बताया कि बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद ही वीएसटी आदि टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।
गांधीनगर के ही एक कोचिंग संस्थान के संचालक बीजे सिंह ने बताया कि एंट्रेंस परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को तैयारी करवाने के लिए क्लासेज और वीएसटी लिए जाएंगे।