उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में एक अफगानी नागरिक के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी हुई हैं। इस बात का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके आतंकी कनेक्शन तो नहीं हैं। हाल के वर्षों में किसी अफगानी नागरिक के पकड़े जाने का यह पहला मामला है।
सूत्रों के अनुसार खुफिया सूचना पर बारामुला पुलिस, सेना के 52 राष्ट्रीय रायफल्स तथा सीआरपीएफ की 53 बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाकर कंसीपोरा इलाके से अफगानी नागरिक को पकड़ा। इसकी शिनाख्त मोहम्मद दाउद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि वह बिना किसी वैध कागजात के यहां रह रहा था।
सूत्रों का कहना है कि वह एलओसी से पाकिस्तान भागने की फिराक में था। वहां से वह अपने देश चला जाता। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह एनडीपीएस मामले में दिल्ली में गिरफ्तार हुआ था और एक महीने पहले तिहाड़ जेल से छूटा था।