केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कॉमन हाईकोर्ट में एडवोकेट रजनीश ओसवाल की जज के तौर पर नियुक्ति के आदेश जारी हो गए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस बारे में वारंट जारी कर दिए हैं। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू-कश्मीर, लद्दाख हाईकोर्ट में किसी एडवोकेट की जज के पद पर जम्मू-कश्मीर यह पहली नियुक्ति होगी। शपथ लेने के बाद से ओसवाल की सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
जेएंडके हाईकोर्ट में 17 जज के पद स्वीकृत हैं। इनमें 13 स्थायी जबकि चार अतिरिक्त जजों के पद शामिल हैं। मौजूदा समय में हाईकोर्ट में केवल आठ जज ही तैनात हैं। ओसवाल की नियुक्ति के बाद जजों की संख्या नौ हो जाएगी।
वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल, राजेश बिंदल, अली मोहम्मद मागरे, धीरज सिंह ठाकुर, ताशी राबस्टन, संजीव कुमार शुकला, संजय कुमार गुप्ता और सिंधू शर्मा सेवारत हैं।