-टीचर भवन जम्मू में बनाया जा रहा विद्या समीक्षा केंद्र, स्कूलों के डाटा पर नजर रहेगी
-उप-राज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर ने केंद्र का दौरा किया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रौद्योगिकी और डाटा संचालित प्रणाली में अब प्रदेश के स्कूल सक्षम होंगे। विद्यार्थियों को इससे मार्गदर्शन मिलेगा, शिक्षकों को सहायता और प्रशासकों के लिए मूल्यवान डाटा उपलब्ध होगा। मोबाइल फोन एप्लीकेशन से स्कूलों के डाटा पर नजर रहेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इसमें प्रयोग किया जाएगा। ये सब मुमकिन होगा विद्या समीक्षा केंद्र से। ये सेंटर टीचर भवन जम्मू में स्थापित किया जा रहा है। उप-राज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर ने वीरवार को इस केंद्र का दौरा कर निर्माण कार्य की स्थिति जानी।
टीचर भवन में इसका कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बन रहा है। इस दौरान उप-राज्यपाल के सलाहकार ने कहा कि पढ़ाई में पिछड़ रहे छात्रों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं व मूल्यांकन परीक्षण विद्या समीक्षा केंद्र के एआई-संचालित चेटबॉट के माध्यम से आयोजित किए जाएंगी। केंद्र में 6 ए रूपरेखा शामिल हैं, जिसमें उपस्थिति, मूल्यांकन, अनुकूली शिक्षा, प्रशासन, मान्यता, और एआई संकेत निकट भविष्य में नए शिक्षा मानक स्थापित करेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पीयूष सिंगला ने कहा कि सेंटर विभिन्न मापदंडों पर वास्तविक समय डेटा, छात्र प्रगति, शिक्षक प्रशिक्षण और समग्र स्कूल प्रदर्शन में अमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान करेगा। इस दौरान परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा राकेश मगोत्रा, निदेशक स्कूल शिक्षा जम्मू अशोक शर्मा, निदेशक स्कूल शिक्षा कश्मीर तसद्दुक हुसैन, निदेशक वित्त, निदेशक योजना के अलावा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी साथ थे। बता दें कि हिमाचल, गोवा, गुजरात और उत्तराखंड जैसे राज्यों में ये केंद्र शुरू हो गए हैं। ब्यूरो