जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर खान ने बुधवार को मुबारक मंडी हेरिटेज कांप्लेक्स (एमएमएचसी) का दौरा किया और इसके संरक्षण के लिए किए जा रहे नवीकरण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस मौके पर मुबारक मंडी जम्मू हेरिटेज सोसायटी से जुड़े विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। सलाहकार ने हेरिटेज कांप्लेक्स के का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति के बारे में विवरण मांगा। इस दौरान सलाहकार ने प्रगति समीक्षा समिति का गठन करने का निर्देश दिया, जो नियमित आधार पर कार्य प्रगति का विश्लेषण करेगी और आगे की समीक्षा के लिए बोर्ड को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
इस दौरान कार्यकारी निदेशक ने वर्तमान स्थिति के बारे में सलाहकार को जानकारी दी और बताया कि रॉयल पैलेस परिसर के पांच ब्लॉकों में विभिन्न संरचनाओं का आपातकालीन स्थिरीकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को निर्देश दिया कि नवीकरण के काम को अंजाम देते समय शाही परिसर की मूल स्थापत्य सुविधाओं का ध्यान रखें। उन्होंने काम करते समय सामाजिक दूरी का और दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।