रियासी। पौनी तहसील के ठंडापानी क्षेत्र में प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर खैर के पेड़ों की अवैध कटाई जारी है। इस संबंध में राजस्व विभाग ने रविवार को लड़की लेने आए तीन ट्रक को जब्त किया है वहीं, पुलिस ने ठेकेदार और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर को ठंडापानी निवासी कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। इसमें शामिल एक महिला ने अन्य पर आरोप लगाया कि उन्होंने जमीन से ठेकेदार की मदद से अवैध तरीके से पेड़ काटे हैं। रविवार को वह लोग ट्रक ले कर आए और लकड़ी उठाने लगे तो लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन ट्रक को जब्त कर लिया। वहीं, पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसीलदार पौनी लेखराज ने बताया कि विभाग की तरफ से सोमवार को नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा जाएगा। इस के साथ ही जमीन की निशानदेही भी की जाएगी। दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।